राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिला मुख्यालय के मोतीबाग चौक से मंगलवार शाम बेखौफ अपराधियों ने एक धान व्यवसायी और उनके चालक का अपहरण कर लिया। हालांकि, पश्चिम बंगाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और नाकेबंदी के कारण व्यवसायी को उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेढ़ागाछ प्रखंड के झाला पंचायत निवासी विमल कुमार साह, पिता अंत लाल साह, धान खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते हैं। मंगलवार, 24 मार्च को शाम करीब 4:30 बजे वे अपने चालक पप्पू कुमार मंडल के साथ बालाजी राइस मिल से 5 लाख रुपये नकद और चेक लेकर HDFC बैंक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोतीबाग चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने वाहन संख्या BR11BN5316 का पीछा कर उसे जबरन रोक लिया और चालक से चाबी छीनकर गाड़ी को अपने नियंत्रण में ले लिया।
अपराधी दोनों को अगवा कर पश्चिम बंगाल की सीमा में ले गए। रास्ते में चालक पप्पू मंडल किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकलने में सफल रहा और फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। अपराधियों ने विमल साह को पांजीपाड़ा स्थित एक ढाबे के सुनसान कमरे में बंधक बनाकर रखा। वहां उनके साथ मारपीट की गई और डरा-धमकाकर कई चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग पांजीपाड़ा पहुंचे। वहां भीड़ और हंगामे को देख बंगाल पुलिस सक्रिय हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी चौकियों को अलर्ट कर दिया। रात करीब 10 बजे पुलिस ने दो वाहनों (DL9CAR5475 और BR01HN5733) की घेराबंदी कर व्यवसायी विमल साह को बरामद कर लिया और मौके से अपहरणकर्ताओं को दबोच लिया।
व्यवसायी के जीजा सुनील कुमार, आमबाड़ी (अररिया) निवासी, ने किशनगंज टाउन थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है। फिलहाल विमल साह सुरक्षित हैं और इस्लामपुर थाना पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। किशनगंज पुलिस भी इस मामले में बंगाल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जांच में जुट गई है।
