• Thu. Mar 26th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लाभार्थियों को वितरित किए गए चेक।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिला प्रशासन किशनगंज के तत्वावधान में किशनगंज में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी ने की, जिसमें विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं तथा प्राथमिकता क्षेत्र के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाना और लंबित मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (बैंकिंग), जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, NABARD के जिला विकास प्रबंधक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, RSETI के निदेशक सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा अन्य प्राथमिकता क्षेत्र की योजनाओं की समीक्षा की गई। योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृतियों और वितरण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अस्वीकृति दर कम करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर ध्यान दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ मिल सके। साथ ही जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को चिन्हित कर त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजना प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को दावा राशि भी वितरित की गई। जिला पदाधिकारी ने श्रीमती अब्रासरी बेगम एवं श्रीमती मेनुका देवी को दावा राशि के चेक प्रदान किए। यह पहल सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक के अंत में सभी विभागों और बैंकों ने समन्वित प्रयासों के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्ष्य प्राप्ति तथा जिले के समग्र आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *