• Thu. Mar 26th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर मां महागौरी की आराधना, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज में गुरुवार को चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और शक्तिपीठों में माता के आठवें स्वरूप, मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

सुबह से ही शहर के बड़ी कोठी दुर्गा मंदिर, शीतला मंदिर, डुमरिया काली मंदिर, नेपालगढ़ कॉलोनी सहित ग्रामीण इलाकों के देवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

अष्टमी के विशेष महत्व को देखते हुए कई परिवारों और मंदिरों में कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जहां छोटी बच्चियों को देवी का रूप मानकर उन्हें भोजन कराया गया और आशीर्वाद लिया गया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल विभिन्न चौक-चौराहों और मंदिर परिसरों में मुस्तैद नजर आए, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मान्यता है कि अष्टमी के दिन मां महागौरी की पूजा करने से भक्तों के सभी पाप धुल जाते हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। आज रात कई मंदिरों में विशेष संधि पूजा भी आयोजित की जाएगी, जो अष्टमी और नवमी के मिलन काल का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *