राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज शहर के डुमरिया वार्ड नंबर 30 में आगामी 1 अप्रैल से भक्ति और आध्यात्म का अनूठा समागम होने जा रहा है। यहां महाप्रभु सतनाम संघ के तत्वावधान में पाँच दिवसीय ‘श्री श्री 108 हरिनाम संकीर्तन समारोह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
आयोजन की जानकारी देते हुए महाप्रभु सतनाम संघ के अध्यक्ष राम नारायण धार उर्फ साधु ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता जोरों-शोरों से जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 1 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें भारी संख्या में महिला श्रद्धालु और कन्याएं शामिल होकर नगर भ्रमण करेंगी।
यह आध्यात्मिक महोत्सव पूरे पाँच दिनों तक चलेगा, जिसमें दूर-दराज से आए कीर्तन मंडलियों द्वारा हरिनाम का जाप किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 5 अप्रैल को महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।
समिति के सदस्यों के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। आयोजन को लेकर पूरे वार्ड नंबर 30 और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
