राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
बिहार के अंतिम छोर पर बसे सीमावर्ती किशनगंज जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिले में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का यहां पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर कोई असर नहीं देखा जा रहा है।
शनिवार की दोपहर हमारे संवाददाता राहुल कुमार ने शहर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों का जायजा लिया, जहां बाइक और कार चालक आम दिनों की तरह सामान्य तरीके से कतारबद्ध होकर पेट्रोल और डीजल भरवाते हुए देखे गए।
बताते चलें कि शहरवासियों ने लॉकडाउन लगाए जाने की अफवाह को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पेट्रोल पंप के कर्मियों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी लोगों को आसानी से ईंधन उपलब्ध हो रहा है।
मालूम हो कि शहर में आज पेट्रोल की कीमत 106 रुपये 94 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत 93 रुपये 21 पैसे प्रति लीटर है।
वहीं, जिला पदाधिकारी विशाल राज द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि घरेलू गैस पूरी तरह उपलब्ध है और शनिवार को जिले में 8,535 से अधिक घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं।
जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से चालू है, जिससे लाभुकों को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। वे घर से ही आसानी से बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
गौरतलब हो कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है। ऐसी किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
