• Thu. Apr 2nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सामान्य।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज: जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य ढंग से संचालित हो रही है।

जिला पदाधिकारी विशाल राज ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। फिलहाल जिले में 8 हजार से अधिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी सुचारू रूप से चालू कर दी गई है। अब लाभुकों को गैस एजेंसी जाकर सिलेंडर लेने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता घर बैठे ही बुकिंग कर सकते हैं और सामान्य तौर पर दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी उपलब्ध करा दी जाती है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि गैस बुकिंग को लेकर समय-सीमा भी निर्धारित की गई है। शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद दोबारा गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर नजर रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में कार्य कर रहा है। एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए लोग 06456-225152 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार आज एलपीजी गैस से संबंधित केवल एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसका समय पर समाधान कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *