राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में एक किराना दुकान में छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, सरकारी विद्यालय की मुहर, सरपंच की मुहर, बने हुए फर्जी प्रमाण-पत्र और लगभग 400 व्यक्तियों के आधार कार्ड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार सरगना मनोहर कुमार शर्मा द्वारा फर्जी मुहरों का प्रयोग कर बड़े पैमाने पर जाली दस्तावेजों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र तैयार किए जाते थे। इसके बाद इन प्रमाण-पत्रों को किसी अन्य व्यक्ति की आधार आईडी का प्रयोग करते हुए क्लोन थंब इम्प्रेशन के माध्यम से आधार इनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर में अपलोड कर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाए जाते थे।
इस संबंध में मनोहर कुमार शर्मा और गिरोह के अन्य सहयोगी सदस्यों के विरुद्ध टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या-112/26, दिनांक 02.04.2026 को धारा-318(4)/319(2)/336(2)/338/340(2)/341(1)/238/3(5) बीएनएस 2023 तथा 66(सी)/66(1) आईटी एक्ट-2000 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा इस गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाकर लगातार छापेमारी की जा रही है।
