सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
किशनगंज में इन दिनों एक महिला पारो को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में उसे कभी लग्जरी थार गाड़ी पर, कभी बुलेट बाइक के साथ, तो कभी हाथों में बड़ी मात्रा में नकदी लिए देखा जा रहा है। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद पारो अचानक सुर्खियों में आ गई है और लोग उसके रहन-सहन व संपत्ति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पारो का नाम किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार से जोड़ा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि वह कथित रूप से उनके घरेलू कामकाज से जुड़ी रही है। सूत्रों के अनुसार, समय के साथ उसने आर्थिक रूप से काफी तेजी से संपत्ति अर्जित की और करोड़ों की संपत्ति की मालकिन बन गई। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।

यह भी कहा जा रहा है कि आर्थिक लेन-देन से जुड़े कई मामलों में उसकी सक्रिय भूमिका थी और कई महत्वपूर्ण काम उसके माध्यम से किए जाते थे। इसी वजह से उसका नाम अब चर्चाओं के केंद्र में है। वायरल तस्वीरों ने इस पूरे मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया है। सूत्रों की मानें तो विजिलेंस की हालिया छापेमारी के बाद पारो अपने परिवार सहित सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रही है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल लापता है, हालांकि इस संबंध में भी किसी सरकारी एजेंसी की ओर से स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बनी हुई है। आधिकारिक स्तर पर जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
