राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
शहर के डुमरिया वार्ड नंबर 30 में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां महाप्रभु सतनाम संघ के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन महोत्सव का समापन परंपरागत ‘होली खेल’ के साथ अत्यंत धूमधाम से संपन्न हुआ। पिछले पांच दिनों से चल रहे इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में पूरा क्षेत्र हरिनाम के जयघोष से गुंजायमान रहा।
अंतिम दिन विशेष पूजा-अर्चना के बाद ‘होली खेल’ का आयोजन किया गया, जो इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। समापन समारोह के दौरान अबीर-गुलाल की वर्षा हुई। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया।
उत्साह के माहौल में ढोल-मंजीरों की थाप और संकीर्तन की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर महोत्सव के सफल समापन की बधाई दी और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सह महाप्रभु सतनाम संघ के सचिव राजा सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में शांति और आपसी प्रेम बढ़ता है। पांच दिनों तक चले इस कीर्तन ने पूरे वातावरण को पवित्र कर दिया है।
