सारस न्यूज, किशनगंज।
समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित “सक्षम” योजना के तहत किशनगंज में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यह विशेष शिविर बुनियाद केंद्र, भेरीयाडांगी ब्लॉक कैंपस, किशनगंज में आयोजित किया गया, जिसकी निगरानी जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (सक्षम), किशनगंज द्वारा की जा रही है।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर बुनियाद केंद्र के वरीय भौतिक चिकित्सक मो. नौशाद आलम ने बताया कि यह विशेष नेत्र जांच शिविर आज से आगामी एक माह तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दृष्टि दोष से पीड़ित किसी भी आयु वर्ग के लोग इस शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करा सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क चश्मा भी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए लाभुकों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा, ताकि पंजीकरण और योजना का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर के पहले दिन 50 से अधिक लाभुकों की आंखों की जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान नेत्र विशेषज्ञों द्वारा लाभुकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की गई और आवश्यकतानुसार उन्हें आगे की सलाह भी दी गई।
गौरतलब है कि राज्य के सभी 101 अनुमंडल स्तरीय बुनियाद केंद्रों पर इस प्रकार के विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को नेत्र जांच और चश्मा जैसी बुनियादी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नेत्र विशेषज्ञ सादिया नाज़, जिला लेखापाल पुष्कर पुष्प सहित असीम कमर, सूरज, अमित और उदय भी उपस्थित रहे।
