सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज जिले में बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ योजना को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने सोमवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सप्ताह में दो दिन—सोमवार और शुक्रवार—वे अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि जनता की शिकायतों का समय पर और प्रभावी ढंग से निपटारा हो सके।
उन्होंने सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि और समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग को भी अनिवार्य कर दिया है। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तुरंत अपने वरीय अधिकारी को सूचित करना होगा।
जिला पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई अधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित रहता है, तो उसकी जगह अधिकृत पदाधिकारी आमजनों की समस्याएं सुनेंगे। साथ ही, एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित दिनों में सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मिलना सुनिश्चित करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्देशों की अनदेखी की गई या अधिकृत पदाधिकारी भी अनुपस्थित पाए गए, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 प्रशासन की इस पहल से आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
