• Sat. Feb 21st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख का चेक हैदराबाद में भीषण अग्निकांड में मृतक के परिवार को मिला

धीरज चौधरी, सारस न्यूज़, कटिहार।

फलका (कटिहार) :- हैदराबाद में भीषण अग्निकांड में मृतक राजेश कुमार के आश्रित मां गीता देवी को शुक्रवार की अहले सुबह मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रखंड विकास पदाधिकारी मधु कुमारी, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार के द्वारा दो लाख का चेक दिया गया। अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार ने बताया कि तेलंगाना राज्य के हैदराबाद में भीषण अग्निकांड में फलका प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत से टपुआ गांव के दो मजदूर राजेश कुमार व दामोदर महलदार के दर्दनाक मौत पर सुबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा मृतक के आश्रितों को दो दो लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की घोषणा के बाद मृतक राजेश कुमार के आश्रित मां गीता देवी को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख का चेक शुक्रवार की अहले सुबह दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक दामोदर महलदार के आश्रित मां नविता देवी को भी गुरुवार की रात्रि ही चेक दिया गया है। अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मधु कुमारी भावुक होते हुए कहा यह दुर्घटना थी और विधि के विधान को कौन टाल सका है भला। फिर भी सरकार और विभाग ने संतावना स्वरूप दो दो लाख रुपया का चेक प्रदान किया। उन्होंने मृतक के आश्रितों से सब्र से काम लेने की बात कही। मौके पर थाना अध्यक्ष उमेश पासवान, प्रशिक्षु राजस्व अधिकारी सुशील कांत सिंह, प्रभारी राजस्व अधिकारी आरिफ हुसैन, अंचल प्रधान सहायक जीवन रजक, अंचल नाजिर गोपाल यादव, पंचायत समिति सदस्य मनोज मंडल, पूनम देवी, पिंटू यादव समाजसेवी रविंद्र सिंहा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *