• Sun. Feb 15th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

रेलवे ने जीता ओबैदुल्ला खान हॉकी कप टूर्नामेंट

सारस न्यूज, वेब डेस्क।

भारतीय रेलवे की पुरुष हॉकी टीम ने 21.03.2022 से 27.03.2022 तक भोपाल (मध्य प्रदेश) में आयोजित प्रतिष्ठित ओबैदुल्ला खान हेरिटेज हॉकी कप टूर्नामेंट जीत लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) की टीम ने आर्मी इलेवन को 2 गोल से पराजित किया।

यह प्रतिष्ठित हॉकी टूर्नामेंट भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेला गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 21 मार्च को इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

वर्ष 1931 में ओबैदुल्ला गोल्ड कप के रूप में शुरू हुआ यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट कई दशकों से चल रहा है और अपनी खेल यात्रा के दौरान इसने कई अंतर्राष्‍ट्रीय खिलाड़ियों का सृजन किया है। यह प्रतियोगिता आखिरी बार वर्ष 2016 में खेली गई थी और इस साल छह वर्ष के अंतराल के बाद इसे फिर आयोजित किया गया था। पिछली बार वर्ष 2016 में यह टूर्नामेंट बीपीसीएल ने जीता था और रेलवे की टीम उपविजेता रही थी।

27 मार्च को संपन्न हुए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एक दर्जन टीमों ने भाग लिया और रेलवे टीम के अर्जुन को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

मैन ऑफ द फाइनल मैच रेलवे की तरफ से जोगिंदर, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर जसजीत और सर्वश्रेष्ठ मिड फील्डर नियाज रहीम थे।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे में लगभग 3000 सक्रिय पुरुष और महिला खिलाड़ी हैं। रेलवे के पास आरसीएफ, कपूरथला में समर्पित हॉकी अकादमी सहित देश भर में एक विशाल खेल बुनियादी ढांचा है।

2020 टोक्यो ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के कुल 16 खिलाड़ियों में से 12 खिलाड़ी रेलवे से चुने गए थे। ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम में भी भारतीय रेलवे के दो खिलाड़ी थे।

वास्तव में, वर्ष 2021-22 के दौरान आरएसपीबी पुरुष हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर के 05 टूर्नामेंट में भाग लिया है और सभी 05 टूर्नामेंटों का फाइनल मैच खेला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *