• Mon. Sep 15th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

तलाक लेंगे भोजपुरी स्टार पवन सिंह, आरा फैमिली कोर्ट में 26 मई को होगी अगली सुनवाई।

सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज।

अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के लिए अक्‍सर सुर्खियों में रहने वाले भोजपुरी फिल्‍मों के स्‍टार और गायक पवन सिंह के संबंध में बड़ी खबर आ रही है। इस बार वे अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अभिनेता ने आरा फैमिली कोर्ट में पत्‍नी ज्‍योति सिंह से तलाक की अर्जी दी है। हालांकि, पवन सिंह ने पिछले वर्ष नौ अक्‍टूबर 2021 को तलाक की अर्जी दाखिल की थी। लेकिन मामला अब सामने आया है। ज्‍योति सिंह कई महीने से मायके में रह रही हैं। गुरुवार को इसकी तारीख पर पत्‍नी ज्‍योति सिंह पहुंचींं लेकिन अभिनेता स्‍वयं नहीं पहुंचे। अब मामले में अगली सुनवाई 26 मई को होगी। उस दिन अभिनेता को भी रहना होगा।

बता दें कि भोजपुरी अभिनेत्री से उनका नाम जोड़ा गया था। हालांकि उन्‍होंने यूपी के बलिया की रहने वाली ज्‍योति सिंह से छह मार्च 2018 को शादी की थी। बलिया के चितबड़ागांव में एनएच 31 किनारे स्थित होटल में पवन सिंह अपने पैतृक गांव आरा के जोकहरी गांव से बरात लेकर पहुंचे थे। वहां दोनों ने सात फेरे लिए थे। सूत्रों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के संबंध में खटास आनी शुरू हो गई थी। मामला तलाक तक जा पहुंचा है। इधर पत्‍नी ने भी प्रताड़ना का आरोप लगाया है। साथ ही साढ़े तीन लाख रुपये प्रति महीने क्षतिपूर्ति की मांग की है। ज्‍योति सिंह ने जज के सामने अपना बयान भी दर्ज कराया है। 

मालूम हो कि पवन सिंह की पहली पत्‍नी नीलम सिंह थीं। दोनों की शादी 2014 में हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही आठ मार्च 2015 को नीलम ने सुसाइड कर लिया था। नीलम का शव पंखे से लटकता मिला था। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका। हालांकि नीलम की बहन ने कहा था कि काम में व्‍यस्‍तता के कारण पवन सिंह पत्‍नी को समय नहीं दे पाते थे। इस कारण वह तनाव में रहती थी। शायद इसी वजह से अपनी जान दे दी। बहरहाल दूसरी शादी भी असफल होने पर प्रशंसकों में निराशा होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *