सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को ठाकुरगंज अंचल अंर्तगत जियापोखर थाना क्षेत्र के कद्दूभिट्ठा गांव में 50 वर्षीय एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। मृतक शुक्रवार की देर शाम अपने घर से मछ्ली पकड़ने के नाम से निकला हुआ था। परिजनों के द्वारा काफ़ी तलाशे जाने के बाद उसका शव शनिवार को पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जियापोखर पुलिस मौके पर पहुंची एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकाला। जियापोखर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेजा। वहीं शव की पहचान कद्दूभिट्ठा गांव निवासी लाल सहनी के रुप में की गई है। मृतक लाल सहनी मछ्ली पकड़ने का काम करता था।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की संध्या मृतक लाल सहनी अपने घर के बगल ही एक बड़े गड्ढे में मछली मारने गया था। सायं के वक्त हल्का अंधेरा होने के कारण मृतक का पैर फिसल गया और वह उस बड़े गड्ढे में गिर गया। परिजन के द्वारा काफी खोजबीन के बाद मृतक का शव गड्ढे में तैरते दिखा। शव को देख परिजनों की रोना व शोरगुल सुन स्थानीय ग्रामीण जुटने लगे। इसी बीच ग्रामीणों ने स्थानीय जियापोखर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला।
इस संबंध में अंचल अधिकारी ओमप्रकाश भगत ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित राजस्व कर्मी को घटना स्थल पर भेजा गया है। राजस्व कर्मचारी की जांच प्रतिवेदन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस की रिपोर्ट प्राप्त कर प्राकृतिक आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दिए गए मार्गदर्शिका के अनुसार मृतक के आश्रित को अनुग्रह राशि दिया जाएगा।