• Tue. Sep 16th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गुवाहाटी में राष्ट्रीय अंडर-17 बालिका जूनियर फुटबाल चैंपियनशिप में उप विजेता रहा बिहार, सिवान के मैरवा प्रखंड के आठ फुटबालर बेटियों का रहा कमाल।

सारस न्यूज टीम, पटना।

गुवाहाटी में राष्ट्रीय अंडर-17 बालिका जूनियर फुटबाल चैंपियनशिप के गुवाहाटी में सोमवार को हुए फाइनल में बिहार टीम उप विजेता रही। महज एक-शून्य से विजेता बनने से चूक गई। फिर भी फुटबाल में देश का उपविजेता बनना बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि रही। इसके पीछे सिवान के मैरवा प्रखंड के गरीब परिवार की आठ फुटबालर बेटियों का कमाल रहा। 11 खिलाडिय़ों की उप विजेता टीम में कप्तान समेत आठ का मैरवा प्रखंड का होना जिले के लिए गौरव की बात है।

बिहार टीम की प्रबंधक ममता कुमारी भी सिवान के मैरवा की ही हैैं। एक ही प्रखंड की आठ खिलाड़ी का राज्य टीम में चयन अपने आप में बड़ी बात है लेकिन यह रातोंरात नहीं हुआ। इसके लिए खिलाडिय़ों ने फुटबाल को हर पल जिया कड़ी मेहनत की। स्थानीय रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक सह प्रशिक्षक संजय पाठक ने दांव-पेच सिखाए। आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में इनकी शिष्या खिलाड़ियों ने संजय का भी नाम राष्ट्रीय फलक पर ले आया। संजय पाठक ने बताया कि इस चैंपियनशिप में बिहार टीम ने इतिहास रचा है। खिलाडिय़ों के मैरवा लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इन बेटियों के फुटबाल खेलने के लिए अपने खेत की जमीन को खेल का मैदान बना दिया था। टीम में शामिल मैरवा की आठ खिलाड़ियों में साबरा खातून (कप्तान), श्रुति कुमारी, नीतू कुमारी, प्रिया कुमारी, सिंधु कुमारी, शिबू कुमारी, निभा कुमारी और पल्लवी कुमारी हैैं। इनमें चार खिलाड़ी 2015 से ही एकेडमी से जुड़ी हैं और अंडर 14 फुटबाल प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त बिहार टीम का हिस्सा रही हैं।

कप्तान साबरा खातून के पिता सुधन अंसारी मैरवा प्रखंड के मुड़ियारी गांव के हैं। वह सड़क किनारे टायर का पंक्चर बनाते हैं, लेकिन बेटियों की ख्वाहिशों के लिए अपने घर तक को गिरवी रख दिया। मैरवा प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव की सिंधु कुमारी के पिता हरिशंकर यादव खेतिहर मजदूर हैं। वह चार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार के लिए खेल चुकी है। मैरवा के हरनाथपुर के अभय यादव सरिया दुकान पर दैनिक मजदूर (पोलदार) हैं। इनकी दो पुत्रियां पल्लवी और श्रुति बिहार टीम का हिस्सा हैं। पल्लवी व श्रुति क्रमश: छह व पांच राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार के लिए खेल चुकी हैं। निभा के पिता मनोज गोड़ दिहाड़ी मजदूर हैं व मां कस्तूरबा विद्यालय में रसोइया हैं। बिहार के लिए तीन बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेल चुकी हैं। वहीं नीतू कुमारी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार के लिए दो बार खेल चुकी हैं। शिब्बू कुमारी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार के लिए एक बार खेल चुकी है। वहीं प्रिया कुमारी बिहार के लिए पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर खेली। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *