सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
केंद्रीय राजस्व विभाग (डीआरआइ) की टीम ने न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) स्टेशन पर ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में छापेमारी की। टीम ने छापामारी करते हुए 933 ग्राम सोने के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बाजार में इसका अनुमानित मूल्य 48 लाख 70 हजार 447 रुपए आंका गया है। वहीं डीआरआइ की टीम ने आरोपियों के पास से 32 लाख 29 हजार 500 रुपए नगद व तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपितों ने बताया था कि सोना को म्यांमार से लाया गया। उसे मणिपुर से एनजेपी होते हुए ले जाया जा रहा था। बताते चलें कि पिछले छह महीने में तीसरी बार डीआरआइ को इतनी बड़ी सफलता हासिल हुई है।
डीआरआई ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 104 ऑफ कस्टम एक्ट 1962 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। उन्हें चीफ ज्यूडिशल मजिस्ट्रेट सिलीगुड़ी के समक्ष पेश किया गया, जिसमें अदालत से इन्हें जमानत नहीं देने की गुजारिश की गई है। आरोपियों का नाम शहादत हुसैन व सुरेंद्र कुमार साह बताया गया है। शहादत हुसैन झारखंड का रहने वाला है जबकि सुरेंद्र कुमार साह जलपाईगुड़ी के दिनबाजार इलाके के रहने वाला है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोना बांग्लादेश से भारतीय सीमा में लाई गई। इसके लिए अज्ञात रूट का चुनाव किया गया जहां प्रशासन की नजरों से बचते हुए भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकें। उनके पास से दो थैले बरामद किए गए जिसमें सोना रखा गया था।
डीआरआइ ने बताया कि इस मामले में सबसे पहले शहादत हुसैन की गिरफ्तारी हुई, उसके पास से सोना बरामद हुआ उससे पूछताछ के आधार पर रविवार को डीआरआइ की टीम ने जलपाईगुड़ी के दिन बाजार स्थित मारवाड़ी पट्टी में सुरेंद्र कुमार साह के यहां छापामारी की जहां से 32 लाख रुपए नगद बरामद की गई।