Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मत्स्यजीवी सहयोग समिति ठाकुरगंज के अध्यक्ष बने जीवन मुखिया और मंत्री पद पर दिलीप मुखिया हुए काबिज।

सारस न्यूज, किशनगंज।

ठाकुरगंज प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति का मतदान मंगलवार को होने के बाद शाम में परिणाम घोषित कर दिया गया। मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष पद के लिए जीवन मुखिया एवं मंत्री पद के लिए दिलीप मुखिया को मतों की गिनती के उपरांत विजयी घोषित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी (स.स.) सुमित कुमार ने दोनों के नामों की विधिवत घोषणा की।

मत्स्यजीवी सहयोग समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जीवन मुखिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सूरज सहनी को 41 मतों से पराजित किया। जीवन मुखिया ने 105 मत हासिल किए जबकि सूरज सहनी को 64 मत ही मिली एवं अन्य प्रत्याशी मिट्ठू मुखिया को 61, सुनील कुमार सहनी को 53 मत ही मिले तथा 5 मत रद्द पाए गए।

वहीं मंत्री पद पर दिलीप मुखिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विश्वनाथ मुखिया को 26 मतों से शिकस्त देकर जीत हासिल की। दिलीप मुखिया ने 122 मत हासिल किए तो विश्वनाथ मुखिया को 96 मत हासिल हुए एवं अन्य प्रत्याशी गनौर मुखिया को 25, ज्योतिक सहनी को 15, प्रेमलाल मुखिया को 28 मत मिले तथा दो मत रद्द हुए।

परिणामों की घोषणा के बाद मतगणना केंद्र के बाहर खड़े कोई अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार करते नजर आए तो वहीं हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थक गम में डूब गए। वहीं निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सुमित कुमार ने जीते प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र देकर चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कर दिया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर 4 और मंत्री पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *