सारस न्यूज, किशनगंज
सरकार की महत्त्वकांक्षी योजनों में से एक समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) अंतर्गत संचालित प्रखंड के 300 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में दी जाने वाली सभी सेवाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए सोशल ऑडिट (सामाजिक अंकेक्षण) किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक जिले के संचालित सभी 1868 आंगनबाड़ी केंद्रों का 20 जुलाई बुधवार को सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट ) किया जाएगा।
बताते चलें कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका द्वारा दी जा रही सेवाओं को बेहतर तथा अधिक पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक वर्ष दो बार सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम किया जाता है। आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा दी जाने वाली सभी सेवाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए सामाजिक अंकेक्षण समिति में समुदाय आधारित संस्था व स्वयं सहायता समूह के सदस्य की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र में समिति की उपस्थिति में सेविका द्वारा दी जा रही सेवाओं की समीक्षा कर सेवाओं को और बेहतर करने विमर्श किया जाएगा।