• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मौसम विभाग ने अभी अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने और मौसम अच्छा बने रहने का लगाया पूर्वानुमान।

सारस न्यूज टीम, किशनगंज।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। बुधवार को अहले सुबह जिले में बारिश हुई। कृषि विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार की सुबह से ही यहां बादल उमड़ रहे थे। मंगलवार को बारिश तो नहीं हुई लेकिन प्रचंड धूप से लोगों को राहत जरूर मिली। बुधवार को बारिश होने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को किशनगंज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले छह डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट होने से विगत 21 दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे जनजीवन ने राहत महसूस किया। हालांकि सुबह दस बजे के बाद मौसम साफ हो गया और बारिश थम गई। लेकिन बीच बीच में बादल घुमड़ते रहे। इस दौरान 13 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पूरबा हवाएं चलती रही। आद्रता 85 प्रतिशत रही।

किसानों को भी राहत : हल्की ही सही बारिश होने से किसानों को राहत मिली है। विगत 20 दिनों से प्रचंड धूप के कारण धान उत्पादक किसान निराश हो रहे थे। जिले में जुलाई माह में औसतन 546 मिमी बारिश होती है। लेकिन इस साल अब तक जुलाई माह में महज 62 मिमी बारिश ही हुई है। यह सामान्य बर्षापात से 82 प्रतिशत कम है। बारिश कम होने के कारण धान की रोपाई पर बुरा असर पड़ा है। अगता धान की रोपाई का सीजन बीत चुका है। जिन खेतों में धान लग गए उनमें पानी की कमी के कारण दरारें आ गई। किसानों को पंपसेट से अपनी फसल बचाने की चुनौती आन पड़ी।

मौसम विभाग ने अभी अगले तीन चार दिनों तक रुक रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन चुका है। हिमाचल प्रदेश से लेकर पश्चिम चंपारण तक मानसून की ट्रफ लाइन तैयार हो रही है। इस कारण क्षेत्र में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद बढ़ गई है। इसी कारण बुधवार से मौसम में बदलाव दिख रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मेघ गर्जन के साथ बारिश और लाइटनिंग की भी संभावना जताई है। पूर्णिया मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक सहायक राकेश कुमार के अनुसार क्षेत्र में वायुमंडल का दबाव लगातार घट रहा है। चंपारण से लेकर मधुबनी तक बादलों का संघनन हो रहा है जो लगातार पूरब की ओर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *