सारस न्यूज टीम, पटना।
बिहार में सूखे की स्थिति को देखते हुए सरकार ने पटवन के लिए डीजल पर प्रति लीटर 60 रुपया देने का एलान किया है। किसान इसके लिए शुक्रवार से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल एक एकड़ की सिंचाई के लिए किसी किसान को अधिकतम छह सौ रुपया डीजल अनुदान मद में दिया जाएगा। अधिकतम आठ एकड़ तक की सिंचाई के लिए डीजल अनुदान का लाभ मिल सकता है। यह अनुदान धान का बिचड़ा एवं जूट फसल की अधिकतम दो सिंचाई के लिए 1200 रुपये प्रति एकड़ दिया जाएगा। खड़ी फसल में धान, मक्का एवं अन्य खरीफ फसलों में दलहनी, तेलहनी, मौसमी सब्जी, औषधीय एवं सुगन्धित पौधे की अधिकतम तीन सिंचाई के लिए 1800 रुपये प्रति एकड़ की दर से अनुदान दिया जाएगा। किसी भी किसान को आठ एकड़ तक की सिंचाई के लिए अनुदान देने का फैसला किया गया है। मंत्री ने बताया कि दूसरे की जमीन पर खेती करने वालों (गैर-रैयतों) को भी डीजल अनुदान दिया जाएगा। सम्बन्धित वार्ड सदस्य एवं कृषि समन्वयक उनकी पहचान करेंगे। सत्यापित करते समय यह ध्यान रखा जाएगा कि वास्तविक जोतदार को ही अनुदान का लाभ मिले। इस योजना का लाभ आनलाइन पंजीकृत किसानों को ही दिया जायेगा। अधिकृत पेट्रोल पंप से डीजल की खरीद होगी। पावती पर किसानों का 13 अंकों का पंजीकरण संख्या अंकित रहेगा। डीजल की खरीद सिंचाई के लिए होगी, इसकी जांच कृषि समन्वयक करेंगे। योजना का लाभ 29 जुलाई से 30 अक्टूबर 2022 तक मिलेगा। मंत्री ने कहा कि इसके साथ अल्पवधि के वैकल्पिक फसलों की बीजों की व्यवस्था के लिए राज्य सरकार द्वारा 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। एक जून से 28 जून तक राज्य में औसत से 41 प्रतिशत तथा एक जुलाई से 28 जुलाई तक औसत से 66 प्रतिशत सामान्य से कम वर्षा हुई है। इसके कारण अभी तक सिर्फ 45 प्रतिशत धान की रोपनी हो पाई है। राज्य सरकार द्वारा कृषि फीडर से 16 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है।
