• Sat. Oct 4th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जातीय जनगणना की प्रारंभिक तैयारी शुरू; सभी प्रखंडों से मांगी गई कर्मियों की सूची।

सारस न्यूज टीम, किशनगंज।

जिले में जातीय जनगणना को लेकर प्रारंभिक तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। सभी लोगों की गिनती वार्ड स्तर पर होगी। इसके साथ साथ घरों की गिनती एवं उसका संख्याकरण किया जाएगा। गणना के लिए प्रगणक व पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति की तैयारी की जा रही है। 700 लोगों पर एक प्रगणक प्रतिनियुक्त किये जाएंगे।

हालांकि सरकार के स्तर से फिलहाल गणना के लिए तिथि की घोषणा नहीं हुई है। तिथि की घोषणा होते ही जातीय आधारित गणना प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष पांडेय ने कहा कि सभी प्रखंडों से कर्मियों की सूची मांगी गई है। कुछ प्रखंडों से सूची मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि गिनती से पूर्व गणना क्षेत्र का निर्धारण किया जाएगा। प्रगणक के रूप में शिक्षक, कृषि समन्वयक, मनरेगा कर्मी, रोजगार सेवक, विकास मित्र, आंगनवाड़ी सेविका की सेवा लिया जाएगा। जातीय जनगणना के सफल क्रियान्वयन के लिए एडीएम, डीडब्लूओ एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को अपर गणना पदाधिकारी बनाया गया है।

कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को नगर चार्ज एवं सिटी मैनेजर को सहायक नगर चार्ज पदाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ साथ बीडीओ को प्रखण्ड चार्ज व सीओ को सहायक प्रखण्ड चार्ज पदाधिकारी बनाया गया है। प्रतिनियुक्त कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण जिला कल्याण पदाधिकारी श्री पांडेय ने कहा कि प्रतिनियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति के द्वारा दिये गए व्यक्तिगत आंकड़ों में किसी प्रकार का बदलाव या छेड़छाड़ नही किया जाएगा। न ही अन्य दूसरे व्यक्तियों से इसे साझा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार के स्तर से एक फॉर्मेट जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संभवत अक्टूबर तक फॉर्मेट आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *