सारस न्यूज टीम, मधुबनी।
मधुबनी जिले अंर्तगत भारत-नेपाल सीमा पर तैनात पिपरौन कैंप के एसएसबी जवानों ने जटही बार्डर पर मानव तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई की है। चारपहिया वाहन से एक आठ वर्षीय बच्ची को भारत से नेपाल लेकर जा रहे एक नेपाली अधेड़ नागरिक को एसएसबी जवानों ने अपने कब्जे में लिया। नेपाली नागरिक की पहचान नेपाल के धनुषा जिला अंतर्गत जनकपुर वार्ड नंबर-16 निवासी विक्रम पंजियार के पुत्र अमर पंजियार के रूप में की गई है। एसएसबी जवानों ने चारपहिया वाहन के साथ बालिका व नेपाली नागरिक को हरलाखी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों को बुलाकर मामले की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान इस मामले में बालिका के पिता की भी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया। भारत-नेपाल बार्डर पर आरोपित चारपहिया वाहन से बच्ची को लेकर नेपाल जा रहा था। एसएसबी ने जांच के क्रम में बच्ची को रोता हुआ देखा। इस पर जवानों को शक हुआ और बच्ची व वाहन के साथ नेपाली नागरिक को अपने कब्जे में लेकर हरलाखी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद चाइल्ड लाइन जयनगर की टीम थाने पहुंचकर पुलिस के साथ मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि नेपाली नागरिक बालिका को अपने घर में काम करवाने के लिए बासोपट्टी से नेपाल ले जा रहा था। नाबालिग से काम कराना दंडनीय अपराध है।
चाइल्ड हेल्पलाइन, जयनगर की सविता देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नेपाली नागरिक एवं बालिका के पिता को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बालिका को चाइल्ड हेल्पलाइन, जयनगर के हवाले कर दिया गया। थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को जेल भेज दिया गया है और पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।
