• Fri. Dec 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मनाई गई 78वीं जयंती, स्कूली छात्र- छात्राओं ने श्रद्धांजलि देते हुए मनाया सद्भावना दिवस।


सारस न्यूज, किशनगंज।

शनिवार को किशनगंज प्रखंड अंतर्गत मोतिहारा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में शिक्षकों व छात्रों ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वीं जयंती पर उन्हें याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए सद्भावना दिवस मनाया। जिसमें विद्यालय के प्राचार्य व शिक्षकों सहित विद्यालय के सभी विद्यार्थीगण शामिल हुए।

इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार झा ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके अद्वितीय कार्यों को याद किया और विद्यार्थियों को बताया कि राजीव गांधी उदार व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे। उनके व्यक्तित्व से हमें सीखना चाहिए कि जीवन में चाहें जैसी भी परिस्थितियां रहे मनुष्य को कभी हार नही मानना चाहिए और मनुष्य होने के नाते उसे मनुष्यता के धर्म का पालन करना चाहिए।

राजीव गांधी सन 1984 से 1989 तक भारत के युवा प्रधानमंत्री रहे। राजीव गांधी को 21वीं सदी के भारत का निर्माता भी कहा जाता है। 40 वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव रखने की दिशा में काम किया। राजीव सरकार ने देश में नयी शिक्षा नीति बनायी, जिसके तहत शिक्षा को राज्य सूची से निकालकर समवर्ती सूची में डाला गया। शिक्षा मंत्रालय को मानव संसाधन विकास मंत्रालय में तब्दील कर दिया गया।

नयी शिक्षा नीति के तहत देश के ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की घोषणा की तथा प्रयोग के तौर पर सबसे पहले अमरावती और झज्जर में दो विद्यालय खोले गए और साल भर के बाद ही 1986 में देश के 61 अन्य जिलों में दूसरे बैच के नवोदय विद्यालय खुले। वर्तमान में कुल 661 नवोदय विद्यालय है। शैक्षणिक सत्र 2021-22 की समाप्ति तक नवोदय विद्यालयों में 2लाख 98 हजार 401 विद्यार्थी अध्ययनरत थे। उनकी मृत्यु के बाद उन्हें भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि राजीव गांधी जी के नाम से दिया जाने वाला राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार भारत का खेल जगत में दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। उन्होंने राजीव गांधी से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को अपने शब्दों से सजीव कर उनकी विशेषताओं को उजागर किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *