सारस न्यूज, किशनगंज।
सोमवार को नगर स्थित गांधी मैदान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एसोसिएशन के द्वारा हॉकी के जादूगर व पद्म विभूषण से सम्मानित मेजर ध्यानचंद की 117वीं जयंती मनाई गई। सर्वप्रथम ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया लाल महतो ने मेजर ध्यानचंद की तैलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उसके बाद छात्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत पटेल, क्लब के संयोजक अमित सिन्हा सहित क्लब के खिलाड़ियों एवं सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया।
इस अवसर पर ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया लाल महतो ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान करने और हमारे जीवन में खेल के महत्व को स्वीकार करने के लिए मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद ने हॉकी खेल में भारत का नाम ऊँचा किया था। उनकी जयंती देश के युवाओं को खेलों को करियर के रूप में अपनाने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती रहती है।
छात्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत पटेल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को इलाहाबाद में हुआ था। इलाहाबाद में जन्मे मेजर ध्यानचंद अपने समय के महान हॉकी खिलाड़ी थे। उनकी अवधि के दौरान, देश ने वर्ष 1928, 1932 और 1936 के दौरान ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल किए थे। उन्होंने 1926 से 1949 तक 23 वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेली। उन्होंने अपने करियर में कुल 185 मैच खेले और 570 गोल किए।
भाजपा क्रीड़ा मंच के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य संजय कुमार सिंहा ने कहा कि वह हॉकी के प्रति इतना समर्पित थे कि वह चांदनी रात में खेल के लिए अभ्यास किया करते थे, जिसके कारण उनका नाम ध्यानचंद पड़ गया। 1956 में, ध्यानचंद को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया, वह यह सम्मान पाने वाले तीसरे नागरिक थे।
इस अवसर पर पूर्व खिलाड़ी विश्वज्योति दासगुप्ता, राकेश श्रीवास्तव, बिटटू साह, संतोष साह, इन्द्रजीत चौधरी, परमजीत मंडल, सुरेश झा, मो नसीम, अतुल सिंह, ऋतिक चौधरी, सूरज चौधरी, रमन चौधरी, गोविंद यादव, हीरा सिंह, मो जकी, विशाल चौधरी, मो शफ़ीक सहित ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एसोसिएशन के अन्य खिलाड़ी व सदस्य शामिल हुए।