देवाशीष चटर्जी, सारस न्यूज़, बहादुरगंज।
भारतीय सेना के अफसर का फेक फेसबुक आईडी बनाकर बहादुरगंज थाना क्षेत्र निवासी डूबा डांगी गांव निवासी एक व्यक्ति से गाड़ी बिक्री के नाम से ₹37540 ठगी करने के मामले में बहादुरगंज पुलिस के द्वारा एक आरोपी को राजस्थान के अलवर गांव से गिरफ्तार कर उसे बहादुरगंज थाना से आज जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार डूबाडांगी गांव निवासी जाबिर आलम पिता अब्दुल रहमान से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उमेश प्रसाद सिंह पिता स्वर्गीय खतर मंडल भागलपुर निवासी ने चार चक्का वाहन बिक्री करने के लालच देकर 37,540 रुपए ठगी करने का कार्य किया। वही ठगी का शिकार हुए जाबीर आलम ने बहादुरगंज थाना परिसर पहुंचकर घटना से संबंधित एक लिखित शिकायत दिनांक 05/08/2022 को दर्ज कराया जिसके तहत थाना कांड संख्या 218/22 दिनांक 05/08/22 के तहत मामला दर्ज कर कांड के अनुसंधान हेतु पुलिस अधीक्षक किशनगंज डॉक्टर इनामुल हक मेगनू के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। जहां एसआईटी की टीम के द्वारा तकनीकी शाखा की सहायता से कांड का अनुसंधान कर कांड में संलिप्त एक आरोपी बच्चू सिंह पिता मोहर सिंह पथरोरा अलवर निवासी को अलवर गांव से गिरफ्तार कर बहादुरगंज थाना लाया गया। वही पकड़ाये आरोपी से पूछताछ के उपरांत एसआईटी की टीम ने आरोपी को आज जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष चितरंजन प्रसाद यादव ने बताया कि एसआईटी की टीम में मुख्य रूप से थानाध्यक्ष बहादुरगंज चितरंजन प्रसाद यादव, पु0अ0नी0 विजय कुमार, पु0अ0नी0 निशाकांत कुमार, तकनीकी शाखा से मनीष कुमार, एवं ठाकुरगंज थाना में कार्यरत चौकीदार मंगलू राय मौजूद थे। वहीं थानाध्यक्ष बहादुरगंज चितरंजन प्रसाद यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी बच्चू सिंह ने पुलिस के समक्ष बताया है कि आरोपी के द्वारा फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर फर्जी आईडी बनाकर आए दिन अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के साथ ठगी कर मोटी रकम वसूलने का कार्य विगत कई वर्षों से किया जाता है।
