सारस न्यूज टीम, किशनगंज।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शुक्रवार की शाम किशनगंज पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम यहां हीं करेंगे। कल शनिवार को गृह मंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शनिवार को सुबह 10 बजे वे सड़क मार्ग से ऐतिहासिक बूढ़ी काली मंदिर में मां काली का दर्शन करेंगे। यहां से हवाई अड्डा जाएंगे। बीएसएफ के हेलिकाॅप्टर से यहां से वे फतेहपुर नेपाल बोर्डर स्थित एसएसबी कैंप पहुंचेंगे। यहां बैठक व उद्घाटन का कार्यक्रम है। उसके बाद वापस हवाई अड्डा आएंगे और खगड़ा बीएसएफ कैंप जाएंगे।
यहां बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक व भोजन का कार्यक्रम है। उसके बाद सड़क मार्ग से एमजी यूनिवर्सिटी जाएंगे। यहां भाजपा नेताओं के साथ जिला कोर समिति की बैठक में भाग लेंगे और यहीं से वापस हवाई अड्डा आएंगे। फिर बीएसएफ के हेलिकॉप्टर से ही बागडोगरा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां सहित सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम देखे जा रहे हैं।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उनके दौरे को लेकर उत्साह है। भाजपा के एक नेता में बैठक में बंगलादेश घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी सहित अन्य मुद्दों पर विचार और उसके नियंत्रण पर प्रभावी कदम उठाने की संभावना जतायी है। भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह : केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। बड़ी संख्या में किशनगंज से भाजपा कार्यकर्ता गृह मंत्री के पूर्णिया में आयोजित जनसभा में शामिल होने जाएंगे।
जिलाध्यक्ष सुशांत गोप के अनुसार किशनगंज से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता पूर्णिया जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तय करने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल, सांसद सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी, एमएलसी सह प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉक्टर दिलीप कुमार जायसवाल लगातार सक्रिय हैं।