विजय गुप्ता, सारस न्यूज, गलगलिया।
गुरुवार की रात को ठाकुरगंज नगर में बिप्लवी क्लब द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित की गई। प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने शुरुआत से ही मनमोहक प्रस्तुतियां दी। ठाकुरगंज गांधी मैदान में आयोजित भजन कार्यक्रम में भजन गायिका शहनाज अख्तर के भजन सुनने लोग उमड़ पड़े। भीड़ को काबू करने में पुलिस प्रशासन को थोड़ी बहुत मशक्कत करनी पड़ी। इस भजन कार्यक्रम में शहनाज अख्तर के भजनों पर भक्तजन जमकर झूमते नजर आए। शहनाज ने सहयोगी कलाकारों के साथ मंच पर प्रस्तुति दी। भजन संध्या में आए हजारों श्रद्धालु भजन सुनकर झूमने लगे। कार्यक्रम की शुरुआत में शहनाज ने ‘जो राम को लाये हैं हम उनको लाएंगे’ गाना पर प्रस्तुति दी। जैसे जैसे शहनाज अख्तर ने भजनों और गीतों की प्रस्तुति दी श्रद्धालुओं पर भगवा रंग चढ़ता गया। कार्यक्रम के मात्र एक घंटे में ही हजारों महिला पुरुष और बच्चे शहनाज अख्तर के भजनों पर झूमने लगे।