सारस न्यूज टीम, दिघलबैंक/बहादुरगंज।
दिघलबैंक-बहादुरगंज मुख्य सड़क से प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने वाली सड़क वर्षों से जर्जर है। जिस कारण प्रखंड मुख्यालय पहुंचने वाले लोगों को रोज परेशानियों से गुजरना पड़ता है। ग्रामिणो ने बताया कि दिघलबैंक मुख्य सड़क प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए आधा किलोमीटर सड़क इतनी जर्जर हो गई है कि सड़क पर पिच तो दूर एक भी कंक्रीट नजर नहीं आ रही है। लोगों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय में रोज पदाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों का आना-जाना होता है। पर इसकी मरम्मती करने की दिशा में किसी ने भी पहल शुरू नहीं की हैं।
प्रखंड मुख्यालय गेट के बाहर कंप्यूटर की दुकान चला रहे स्थानीय युवा मनवीर आलम ने बताया कि 2017 की बाढ़ में मुख्य सड़क से प्रखंड मुख्यालय के बीच सड़क ध्वस्त होकर सीधा संपर्क टूट गया था। तभी बाढ़ का पानी निकलने के बाद किसी तहत सड़क चलने लायक बनाया गया। इस पांच सालों में कभी भी सड़क मरम्मती का काम नहीं करवाया गया। बताया कि हल्की बारिश में ही प्रखंड मुख्यालय गेट के ठीक सामने ही घुटने भर पानी जमा हो जाता है। प्रखंड मुख्यालय तक आने वाला आधे किलोमीटर जर्जर सड़क पर रोज कोई न कोई व्यक्ति दुर्घटना का शिकार होता है। बावजूद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि सड़क मरम्मती के लिए रुचि नहीं लेते हैं।