• Thu. Feb 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ के चुनाव से पहले आपस में भीड़े छात्रों के दो गुट, घटना में तीन छात्र घायल।

सारस न्यूज टीम, पटना।

पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की घोषणा से पहले मंगलवार की दोपहर बमबाजी से पटना कालेज दहल उठा। मिंटो, जैक्शन, नदवी और इकबाल हास्टल के छात्रों ने आपस में जमकर मारपीट की। पथराव करने के साथ बम के गोले भी दागे गए। इस दौरान नदवी छात्रावास के दो लड़के घायल हो गए। सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी अशोक कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। पुलिस के आते ही उपद्रवी फरार हो गए। मारपीट व पथराव में आधा दर्जन छात्रों के चोटिल होने की बात सामने आई है। डीएसपी ने बताया कि वर्चस्व को लेकर छात्रों में भिड़ंत हुई है। उन्होंने बमबाजी से इन्कार किया और कहा कि सुतली वाले पटाखे फोड़े गए। आरोपितों की पहचान की जा रही है।

बताया जाता है कि छात्रों के दो गुट आमने-सामने हो गए। उन्होंने एक-दूसरे पर छींटाकशी की और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते पटना कालेज परिसर रणक्षेत्र में बदल गया। बमबाजी होते ही परिसर में भगदड़ मच गई। विडंबना है कि ये सब कुछ पुलिस के सामने हो रही थी, मगर जवानों ने कार्रवाई नहीं की। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। डीएसपी ने कालेज परिसर पहुंचने के बाद टीओपी में तैनात जवानों को जमकर झाड़ लगाई।

करीब एक घंटे तक छात्रों के गुट कालेज परिसर में उत्पात मचाते रहे। एक के बाद एक धमाकों से पूरा परिसर धुआं-धुआं हो गया। पुलिस ने मौके से दो जिंदा बम भी बरामद किए हैं। कालेज में लगे कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी संख्या में जवानों की तैनाती कर दी गई है। हास्टलों में रहने वाले छात्रों का सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ घायल छात्रों व पुलिस के बयान पर दो प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *