सारस न्यूज, किशनगंज।
तीन दिन पूर्व ठाकुरगंज थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी के संबंध में किशनगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। किशनगंज पुलिस के तत्परता से तीनों नाबालिक लड़कियों को दिल्ली पुलिस की मदद से बरामद कर लिया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक किशनगंज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गत 19 अक्टूबर 2022 को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी के संबंध में उनके परिजनों के द्वारा ठाकुरगंज थाना कांड संख्या-174, दिनांक 20.10.2022 धारा 363, 365 भारतीय दंड संहिता दर्ज कर लड़कियों की सकुशल बरामदगी का प्रयास प्रारंभ किया गया।
परिजनों के द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर को तकनीकी सेल से ट्रैक किया गया तो लड़कियों का ठाकुरगंज स्टेशन से गुजरने वाली महानंदा एक्सप्रेस में होने की पुष्टि हुई। उसके बाद पुलिस के द्वारा जीआरपी, उत्तर प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए दिल्ली पुलिस के मदद से 24 घंटे के अंदर ही दिल्ली के गांधीनगर थाने में तीन लड़कियों की सकुशल बरामदगी कर गई है जो वर्तमान समय में गांधी नगर थाना, नई दिल्ली में सुरक्षित है। इन तीनों नाबालिग लड़कियों को ठाकुरगंज लाने हेतु किशनगंज पुलिस की एक विशेष टीम भेजी गई है जिसके बाद इन्हें न्यायालय के समक्ष उपस्थापित कराया जाएगा। वहीं किशनगंज जिला पुलिस की इस कामयाबी से जिला में चहुंओर पुलिस की सकारात्मक चर्चा हो रही है।