सारस न्यूज, किशनगंज।
रविवार को ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित ई-किसान भवन में रबी महाअभियान के तहत प्रखंड स्तरीय कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) किशनगंज द्वारा आयोजित उक्त कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड प्रमुख धनी लाल गणेश, उपप्रमुख आरफीन हुसैन, बीएओ राजेश कुमार, आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक सुदीप सिंह आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख धनी लाल गणेश, उप प्रमुख आरफीन हुसैन, पंसस अजमल सानी आदि ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को रखा। प्रखंड प्रमुख धनी लाल गणेश ने कहा कि प्रखंड के 90 फीसदी आबादी खेती पर निर्भर हैं। क्षेत्र के किसानों को अपनी आमदनी को बढ़ाने के लिए अपनी पारंपरिक तरीके से बाहर निकल कर वैज्ञानिक खेती अपनाने की जरूरत है। खेती में वैज्ञानिक विधि के अमल से ही यहां के किसानों की माली हालत में सुधार आएगी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से पंचायत स्तर तक जाकर किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने की बात कही। वहीं किसानों से अनुरोध किया कि सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार ने किसानों के प्रश्नों का जवाब देते हुए किसानों को रबी फसलों के बेहतर व अधिक उत्पादन को उन्नत तकनीक के बारे में प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मिट्टी की जांच, खेत का नमूना लेने की विधि, समेकित कृषि प्रणाली, जीरो टिलेज मशीन से गेंहू की बुआई, बीजोपचार, सिंचाई प्रबंधन, खर-पतवार नियंत्रण, पौधा संरक्षण, जलवायु अनुकूल खेती, जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, विभिन्न रोगों से फसल का बचाव, गेहूं, मसूर, चना, आलू, राई तोरी व सरसों की खेती सहित जल जीवन हरियाली पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने रबी फसल का बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया हैं, उनके मोबाइल पर ओटीपी जाएगा। किसान ओटीपी लेकर ई-किसान भवन से बीज प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है वे संबंधित पंचायत के कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से मिलकर बीज प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र की मुख्य फसलों में से एक मक्का की उन्नत खेती की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई।

इस मौके पर जिला कृषि कार्यालय के कृषि समन्वयक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि किसानों को कृषि के कार्य में आसानी हो सके और इसका लाभ किसानों तक पहुंच सके, इसके लिए सरकार की ओर से 90 प्रकार की कृषि यंत्रों में अनुदान दी जाती है। इससे किसानों को सस्ती कीमत पर कृषि के लिए कृषि यंत्र उपलब्ध हो जाते हैं। इस कार्यक्रम में कृषि समन्वयक कौशल किशोर, जटाधर सिंह, कृषि सलाहकार अशोक यादव, अरुण कुमार, जुल्फेकार आलम, योगेंद्र सिंह, हरि प्रसाद साह, पंकज कुमार कर्मकार, हेमंत गणेश, रजी अहमद हाशमी, मो असरारुल हक आदि सहित प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के किसान शामिल हुए।
