सारस न्यूज, किशनगंज।
प्रखंड ठाकुरगंज सीमा से सटे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में आगामी 20 नवंबर को होने वाले चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को बीडीओ सुमित कुमार, दल्लेगांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गुलाम हसनैन, पाठामारी थानाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ एसएसबी जवानों ने नेपाल सीमा से सटे भारतीय सीमाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बीडीओ सुमित कुमार ने बताया कि नेपाल में 20 नवंबर को आम चुनाव के लिए मत डाले जाएंगे। इसी के मद्देनजर नेपाल के निर्वाचन आयोग ने भारत से आग्रह किया था कि भारत नेपाल के अंतरराष्ट्रीय सीमा 72 घंटों के लिए सील कर दी जाए। लिहाजा 20 नवंबर की आधी रात तक भारत- नेपाल की सीमाओं पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। ठाकुरगंज का बॉर्डर पूरी तरह से सील रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी से प्राप्त निर्देश के आलोक आगामी 20 नवंबर तक चुनाव होने तक नेपाल में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने को ले भारतीय सीमा से नेपाल में प्रवेश पर पूर्णतया बंद रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए सीमा से सटे पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेपाल में हो रहे चुनाव को देखते हुए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां व तैनात सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर हैं। ठाकुरगंज प्रखंड अंर्तगत इंडो- नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी की 19वीं वाहिनी एवं 41वीं वाहिनी तैनात है। प्रखंड सीमा से सटे नेपाल बॉर्डर पर डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ एसएसबी और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

