सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय ठाकुरगंज में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यवाहक कमांडेंट जीत लाल ने एसएसबी जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत राज्यों का एक संघ है। यह संसदीय प्रणाली की सरकार वाला एक स्वतंत्र प्रभुसत्ता सम्पन्न समाजवादी लोकतंत्रात्मक गणराज्य है। यह गणराज्य भारत के संविधान के अनुसार शासित है जिसे संविधान सभा द्वारा 26 नवम्बर 1949 को ग्रहण किया गया तथा जो 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान दिवस को मनाने के फैसले के पीछे इसके निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम जुड़ा है। दरअसल, साल 2015 में डॉ. भीमराव अंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष के रूप में 26 नवंबर को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने इस तारीख को संविधान दिवस के रूप में मनाने के केंद्र सरकार के फैसले को अधिसूचित किया था। इस फैसले के बाद से प्रति वर्ष 26 नवंबर को राष्ट्रीय संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी जाना जाता है। उक्त कार्यक्रम को सभी समवायों और वाह्य सीमा चौकियों में भी आयोजित किए।
इस अवसर पर सभी जवानों को अपने संविधान के प्रति कृतज्ञ रहने हेतु शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर कार्यक्रम में उप कमान्डेंट दुर्गा प्रसाद यादव, निरीक्षक शंकर कुमार मण्डल, निरीक्षक राज कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक दिनकर मिश्रा सहित अधीनस्थ अधिकारीगण एवं वाहिनी के के समस्त जवानों ने भाग लिया।