सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को प्रखंड के प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय ठाकुरगंज, उत्क्रमित उच्च विद्यालय गलगलिया आदि सहित कई विद्यालयों में देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की 138वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक महफूज जावेद, अर्जुन पासवान आदि ने उनके तैलीय चित्र पर माला चढ़ाकर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके जीवन से जुड़े एवं उनके सादगी के साथ उनसे जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा की गई। प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक महफूज जावेद ने कहा कि देशरत्न की उपाधि से सम्मानित भारत के सबसे लंबे समय तक राष्ट्रपति रहे डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक महान विद्वान, दूरदर्शी, लेखक और वकील होने के साथ-साथ सादगी और ईमानदारी के मिसाल थे। आज ही के दिन वर्ष 1884 में बिहार के जिरादई गांव में जन्मे डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी और महात्मा गांधी के करीबी सहयोगी थे। वे एकमात्र ऐसे राष्ट्रपति थे जिन्होंने दो पूर्ण कार्यकाल की सेवा की। इनके सादगी, सरलता एवं सजगता से हमें सीख लेने की जरूरत है।

उत्क्रमित उच्च विद्यालय गलगलिया के प्रधानाध्यापक अर्जुन पासवान ने कहा कि भारतीय गणतंत्र के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित था। राजेन्द्र बाबू के छात्र जीवन से लेकर राजनीतिक जीवन तक का सफर अविस्मणीय था। इस दौरान छात्र छात्राओं को उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया।
