• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अररिया के रानीगंज थाना में एक युवक की गोली मारकर की हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने में की तोडफोड़, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग।

सारस न्यूज, किशनगंज।

अररिया रानीगंज अंतर्गत बौसीं थाना क्षेत्र के बसेटी सत्संग मैदान में भागवत कथा के दौरान आपसी विवाद में बसेटी के युवक गौतम उर्फ राजा स्वर्णकार की गोलीमार कर हत्या के बाद मंगलवार की सुबह छह बजे से ही लोग थाना परिसर पहुंच गये थे। छह घंटे तक बौंसी थाना परिसर रणक्षेत्र में तब्दील रहा। इस दौरान हंगामा, प्रदर्शन, तोड़फोड़ व नारेबाजी से अफरातफरी मची रही।

प्रदर्शकारी पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं थे। वहीं लोग इतने आक्रोशित थे कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों के भी लाख समझाने बुझाने पर भी लोग शांत नहीं हो रहे थे। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि जाबिर आलम, जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आदिल मुख्तार, पूर्व उप प्रमुख प्रतिनिधि बिमल सिंह, स्थानीय सरपंच सहित कई बुद्धिजीवियों के द्वारा भी लोगों को शांत करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

लेकिन घटना को लेकर लोग पुलिस की कार्यशैली से इतने आक्रोशित थे कि किसी के समझाने पर भी नहीं मान रहे थे। थाना में हो हंगामे को लेकर बौसीं पुलिस कर्मी भी सहमे दिखे। लोगों की भीड़ पुलिस पर कई बार हावी होती दिखी। हालांकि एसडीपीओ पुष्कर कुमार व अन्य थानों की पुलिस बल के पहुंचने के बाद जब पुलिस ने बल प्रयोग किया तब जाकर लोग थाना से हटे।

टायर जलाकर बसेटी बाजार में किया गया प्रदर्शन।

सुबह 04 बजे से ही आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर रहे थे। इसके बाद बसेटी के पास हांसा-पूर्णिया रोड जाम कर यातायात अवरूद्ध कर दिया। फिर टायर जलाकर प्रदर्शन भी कर रहे थे। परिजनों व आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप था कि भागवत कथा स्थल पर पुलिस रहती तो शायद ही यह घटना होती। ग्रामीणों का कहना था कि के मांगने के बावजूद पुलिस की तैनाती क्यों नही की गई। शुरुआत में आक्रोशित लोगों ने बसेटी बाजार में टायर जलाकर प्रदर्शन किया। इस बीच धीरे धीरे भीड़ थाना के समीप जुटने लगी। जैसे ही बौसीं थाना की गश्ती गाड़ी थाना से निकली की भीड़ गाड़ी पर टूट पड़ी। आक्रोशित भीड़ ने बौसीं थाना के वाहन के शीशे तोड़ डाले। फिर नारेबाजी शुरू कर दिया। कई घंटो तक बौसीं पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होती रही।

भागवत कथा सुनने के दौरान हुआ विवाद

इधर घटना को लेकर मृतक के भाई गोविंदा स्वर्णकार ने बताया कि सोमवार की देर रात उनका भाई बसेटी के कबीर मंठ सत्संग मैदान में चल रहे भागवत कथा सुनने गया था। इसी दौरान बौसीं थाना क्षेत्र के तमघट्टी गांव के मंदीप पासवान, आशीष पासवान, गुड्डू पासवान और मनीष मंडल से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। इसी दौरान मंदीप ने कमर से पिस्टल निकालकर गौतम को बायां आंख के समीप गोली चला दी।

कहते हैं एसपी अशोक सिंह

चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बौसीं थानाध्यक्ष जटाशंकर खां को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। थाना में तोड़फोड़ करने वालों को भी चिह्नित किया गया है।

कहते हैं एसडीपीओ पुष्कर कुमार

सभी पहलुओं पर जांच कर दोषियों पर हर हाल में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बौसीं थाना में हो हंगामे व तोड़फोड़ करने वालों को सीसीटीवी फुटेज व अन्य वीडियो क्लिप के माध्यम से चिह्नित कर कार्यवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *