• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जाति आधारित गणना के सफल क्रियान्वयन को ले ठाकुरगंज में पर्यवेक्षकों को दिया गया रिफ्रेशमेंट प्रशिक्षण।

सारस न्यूज, किशनगंज।

बिहार जाति आधारित गणना के सफल क्रियान्वयन को ले गुरूवार को प्रखंड मुख्यालय ठाकुरगंज में स्थित कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र भवन में सभी पर्यवेक्षकों को रिफ्रेशमेंट प्रशिक्षण दिया गया। प्रखंड के सभी 21 ग्राम पंचायतों के कुल 100 पर्यवेक्षकों को एक बार फिर से प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला भू अर्जन पदाधिकारी सह वरीय प्रभारी ठाकुरगंज प्रखंड सह वरीय प्रशिक्षक संदीप कुमार व प्रखंड चार्ज गणना पदाधिकारी सह बीडीओ सुमित कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे।

इस दौरान उपस्थित सभी पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए वरीय प्रशिक्षक संदीप कुमार ने कहा कि बिहार जाति आधारित गणना राज्य हित के लिए एक वृहद एवं महत्वपूर्ण कार्य है। इसकी समयबद्धता, महत्ता एवं अनिवार्यता को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को ससमय एवं सफलता निष्पादित करना आवश्यक है। सभी को पूरी तरह से सजग, तत्पर एवं सतर्क रहकर इस कार्य का संचालन करना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जातियों से संबंधित वास्तविक आंकड़े प्राप्त करने के उद्देश्य से बिहार में निवास करने वाली सभी जातियों की गणना का निर्णय लिया गया है। इसमें लगे सभी कर्मियों को अपने उत्तरदायित्व को पूरी लगन और सत्यनिष्ठा से निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करना होगा। उन्होंने कहा कि जाति आधारित गणना के दौरान आर्थिक स्थिति के सर्वेक्षण का भी प्रयास किया जाएगा। वहीं किसी भी परिस्थिति में प्रपत्रों अथवा मोबाइल ऐप में उप-जाति की प्रविष्टि नहीं की जायेगी। प्रशिक्षण के दौरान सभी पर्यवेक्षकों को उनके तथा उनके प्रगणकों के लिए गणना में उपयोग आने वाले समान भी उपलब्ध कराए गए तथा अविलंब कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। लगभग 700 आबादी का कार्य एक प्रगणक को सौंपा गया है। जबकि प्रत्येक 6 प्रगणकों के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। घर-घर जाकर गणना का कार्य किया जाएगा, ताकि कोई परिवार या घर गणना के कार्य में नहीं छूटे। प्रखंड में इस कार्य के सफल संचालन हेतु कुल 598 प्रगणकों, 100 पर्यवेक्षकों एवं 12 प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *