• Thu. Sep 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने हासिल की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि, 40 हजार से अधिक अमृत सरोवर का हुआ निर्माण कार्य पूर्ण।

सारस न्यूज, वेब डेस्क।

आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश की आजादी के 75वें वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गत 24 अप्रैल, 2022 को शुरुआत किए अमृत सरोवर योजना के तहत अब तक 40 हजार से अधिक अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा चुका है, जो लक्ष्य के 80 प्रतिशत हिस्से के बराबर है। जबकि जिसका लक्ष्य 15 अगस्त, 2023 तक 50 हजार अमृत सरोवरों के निर्माण निर्धारित किया गया था। ग्यारह महीने की छोटी सी अवधि में ग्रामीण विकास मंत्रालय की उपलब्धियों को पीएम मोदी ने सराहा है और शेष बचे दिनों में शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बताते चलें कि देशभर के हर जिले में कम से कम 75 अमृत सरोवरों का निर्माण व कायाकल्प करने का पीएम मोदी की एक ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक है। यह कार्य देश के ग्रामीण इलाकों में पानी के संकट पर विजय प्राप्त करने के उद्देश्य से भी किया जा रहा है।

ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने उक्त आशय पर जानकारी देते हुए बताया हैं कि इस मिशन का केंद्रीय बिंदु जन भागीदारी है, जिसमें हर स्तर पर लोगों की भागीदारी होती है। अब तक प्रत्येक अमृत सरोवर के लिये 54088 उपयोगकर्ता-समूहों का गठन किया जा चुका है। ये उपयोगकर्ता-समूह अमृत सरोवर के विकास की पूरी प्रक्रिया के दौरान हर तरह से संलग्न रहेंगे, जैसे उपादेयता मूल्यांकन, काम शुरू करना और सरोवर का इस्तेमाल। राज्य व केंद्र शासित प्रदेश अमृत सरोवर के निर्धारित स्थलों पर आधारशिला रखने, 26 जनवरी व 15 अगस्त जैसे महत्त्वपूर्ण दिनों में ध्वाजारोहण के लिये स्वतंत्रता सेनानियों, पंचायतों के बुजुर्ग सदस्यों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों, पद्म पुरस्कार विजेताओं आदि की भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। अब तक 1784 स्वतंत्रता सेनानियों, पंचायतों के 18,173 बुजुर्ग सदस्यों, स्वतंत्रता सेनानियों के 448 परिजनों, वीरगति को प्राप्त सैनिकों के 684 परिजनों और 56 पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोगों ने इस मिशन में भागीदारी की है।

अहम बात यह है कि मिशन अमृत सरोवर ग्रामीण आजीविका में बढ़ोतरी कर रहा है, क्योंकि पूर्ण सरोवरों को सिंचाई, मत्स्य पालन, बतख पालन, सिंघाड़े की खेती और पशुपालन जैसी विभिन्न गतिविधियों के लिये चिह्नित किया गया है। वर्तमान समय में 66 प्रतिशत उपयोगकर्ता-समूह कृषि में, 21 प्रतिशत मत्स्यपालन, छह प्रतिशत सिंघाड़े और कमल की खेती में और सात प्रतिशत समूह पशुपालन में संलग्न हैं। इन गतिविधियों को विभिन्न उपयोगकर्ता-समूह चला रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक किसी न किसी अमृत सरोवर से जुड़ा है।

इस संयुक्त कार्यप्रणाली की मुख्य बात यह है कि रेल मंत्रालय तथा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय खुदाई वाले स्थान की मिट्टी व मलबे को अमृत सरोवरों के सीमांकित स्थलों के आसपास अवसंरचना परियोजनाओं में इस्तेमाल कर रहे हैं।
सार्वजनिक और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व संस्थायें देशभर में अनेक अमृत सरोवरों के निर्माण व कायाकल्प में अहम भूमिका निभा रही हैं।
मिशन अमृत सरोवर का यह भी लक्ष्य है कि सरोवरों का गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन और विकास इस तरह किया जाये कि वे स्थानीय सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बन जायें तथा इस कार्य में विभिन्न मंत्रालयों को सम्मिलित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *