सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार को कुर्लिकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधाबाड़ी गांव में घर के अंदर बिछावन में लगे मच्छरदानी के भीतर घुसे विषधर सांप के डसे जाने से एक 22 वर्षीय महिला की असामयिक मौत हो गयी। घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के मुताबिक ठाकुरगंज प्रखंड के चुरली पंचायत के वार्ड संख्या दस लोधाबाड़ी गांव में बिस्तर को हटाने गयी महिला को पूर्व से बिछावन में लगे मच्छरदानी के अंदर घुसे जहरीले सांप ने डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन आनन- फानन में महिला को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज ले गए। ड्युटी में मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद महिला उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं स्वजनों ने बताया कि सर्पदंश से मृत महिला का नाम वर्षा देवी (उम्र 22वर्ष) पति मिथुन राजभर है। घटना करीब दस बजे सुबह की हैं जब मृत महिला नाश्ता तैयार कर बिछावन को समेटने अपने बेडरूम गई। वहीं घटना की खबर सुनते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पीड़ित परिवार को शोक सांत्वना प्रकट किया। महिला की असामयिक मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार के स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है और पुरे गांव में मातम छाया हुआ है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृत महिला अपने पीछे चार वर्षीय एक पुत्री व एक वर्षीय पुत्र एवं पति को छोड़कर विषैले सर्प के चपेट में आ गई।
वहीं इस संबंध में कुर्लिकोट थानाध्यक्ष एकबाल अहमद खान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कुर्लिकोट पुलिस घ्टनास्थल पर पहुंच आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुट गई है। चूंकि मृत महिला के स्वजन आर्थिक रूप से काफी पिछड़ा है और आपदा प्रबंधन विभाग के मार्ग निर्देशन के मुताबिक किसी भी तरह का मुआवजा राशि प्राप्त करने हेतु पोस्टमार्टम किया जाना आवश्यक है। स्वजनों के इच्छा के अनुसार मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा गया है।