सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार को पुर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पटना स्थित जन सुराज कार्यालय में जन सुराज मेधा छात्रवृति योजना में राज्य भर से चयनित 100 छात्राओं को छात्रवृति दी गई। महिला शिक्षा को लेकर महात्मा गांधी के सपने को साकार करने के लिए जन सुराज अभियान की ओर से जन सुराज मेधा छात्रवृति की पहल की गई है। इसके तहत बिहार की 100 मेधावी छात्राओं को 1 साल तक 15 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इस छात्रवृत्ति के लिए बिहार की रहने वाली कोई भी छात्रा जिसकी अधिकतम उम्र 25 वर्ष से कम हो और 12वीं पास हो इसके लिए आवेदन कर सकती थी। बिहार के अलग-अलग जिलों से सफल छात्राओं ने जन सुराज मेधा छात्रवृत्ति सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुई।

बताते चलें कि जन सुराज मेधा छात्रवृत्ति की यह मुहिम पूरे बिहार में लगभग तीन महीने से काम कर रही थी। पूरे बिहार से लगभग 85 हजार लड़कियों ने रजिस्ट्रेशन किया था। ऑनलाइन के माध्यम से जो लड़कियां शॉर्टलिस्ट हुई थी, उसकी संख्या लगभग 50 हजार थी। ऑनलाइन परीक्षा के लिए उपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या 13 हजार थी। इस पूरी प्रक्रिया में कुल 100 लड़कियां चयनित हुई । जन सुराज मेधा छात्रवृति में पूरे बिहार की लड़कियां अलग-अलग जिलों से अपने स्वजनों के साथ पटना आई हुई थी। माता-पिता भी अपने बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित और मेधा छात्रवृत्ति पाता देख काफी खुश दिखे और जन सुराज के इस मुहिम की काफी सराहना की।