• Mon. Mar 30th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

डीएम ने की पंचायत उप निर्वाचन व नगरपालिका आम निर्वाचन 2023 की तैयारियों की समीक्षा, कहा – स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं पारदर्शी चुनाव सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

सारस न्यूज, किशनगंज।

राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना के द्वारा घोषित पंचायत उप एवं नगरपालिका आम चुनाव 2023 के सफल संपादन हेतु जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) श्रीकांत शास्त्री के द्वारा विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है, एवं सभी कोषांग संबंधित कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं।

कार्यों में निरंतरता लाने के क्रम में जिलाधिकारी -सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत व नगरपालिका) श्रीकांत शास्त्री के द्वारा शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में सभी कोषांगो के नोडल पदाधिकारियों तथा वरीय प्रभारी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में पदवार रिक्तियों पर ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत मुखिया, ग्राम कचहरी पंच एवं ग्राम कचहरी सरपंच तथा जिला परिषद सदस्य की रिक्ति का पंचायत उप निर्वाचन 2023 संपन्न कराए जाने हेतु निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है l

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह- जिला पदाधिकारी के निर्देश पर प्रपत्र 05 में सूचना का प्रकाशन दिनांक 2 मई 2023 को किया जा चुका है, तथा नामांकन प्राप्त करने की तिथि 3 मई 2023 से 9 मई 2023 तक 11:00 पूर्वाहन से 4:00 अपराहन तक निर्धारित है l इसके उपरांत संवीक्षा की तिथि 10 मई 2023 से 12 मई 2023 तक 11:00 पूर्वाहन से 4:00 अपराहन तक एवं अभ्यार्थिता वापसी की अंतिम तिथि दिनांक 15 मई 2023 को 11:00 पूर्वाह्न से अपराहन 4:00 बजे तक निर्धारित की गई है।

डीएम श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि अभ्यर्थिता वापसी के पश्चात अंतिम रूप से अभ्यार्थिता की सूची का प्रकाशन एवं प्रतीक आवंटन दिनांक 15 मई 2023 को 4:00 अपराहन के बाद किया जाएगा तथा मतदान की तिथि 25 मई 2023 को 7:00 पूर्वाह्न से 5:00 अपराहन तक होगा। मतगणना दिनांक 27 मई 2023 को प्रातः 8:00 बजे से किया जाएगा। तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रखंडों में 39 पदवार रिक्तियों पर पंचायत उप निर्वाचन 2023 को संपन्न कराए जाने हेतु कुल 112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्वच्छ एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए प्रखंडवार निर्वाची पदाधिकारी नामित किए जा चुके हैं। समीक्षा में ईवीएम कोषांग से जानकारी प्राप्त हुई कि 300 ईवीएम का एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) किया जा चुका है। इसमें बीयू और सीयू ठीक पाए गए है। संबंधित क्षेत्र के लिए निषेधाज्ञा प्रभावी है और नाम निर्देशन कार्य जारी है। इसी क्रम में डीएम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार पटना के द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार किशनगंज के पौवाखली नगर पंचायत में मतदान दिनांक 09 जून 2023 को निर्धारित हैं।

डीएम ने सभी पदाधिकारियों को अन्तर्काेषांगीय समन्वय स्थापित कर चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को कहा है। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी(नप) ने कार्मिक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मतदान केन्द्रों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता, ईवीएम का एफएलसी ,मतदान कर्मियों के लिए वाहनों की व्यवस्था, कम्युनिकेशन प्लान, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, विधि-व्यवस्था संधारण,सेक्टर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, मतगणना की तैयारियाँ सहित सभी बिन्दुओं पर एक-एक कर समीक्षा की गई तथा अद्यतन प्रगति का जायजा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *