सारस न्यूज, किशनगंज।
सोमवार को सुबह करीब 11 बजे ठाकुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नप के वार्ड नंबर 11 स्थित हारून शाह (उम्र 65 वर्ष) के चाय की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते – देखते आग ने उनके घर को अपने चंगुल मे ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने सामर्थ्य के अनुसार, आग पर काबू पाने की कोशिश की। घटना की सूचना मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल को मिलने के बाद उन्होंने इसकी सूचना ठाकुरगंज थाने को दी। जब तक ठाकुरगंज थाने में तैनात दमकल वाहन व कर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाते तब तक दुकान व घर में रखा हजारों रुपयों के समान व कपड़े जलकर राख हो गए।
इस संबंध में पीड़ित हारून शाह ने बताया पहले दुकान में आग लगने के बाद घर में आग लगी। आग कैसे लगी किसी को पता नही चला। परिवार के सभी पुरूष सदस्य खेत व अन्य स्थान पर काम कर रहे थे। आग लगने के कारण अमीना खातून ( उम्र 32 वर्ष) का दायां हाथ व कनपटी झुलस गया।दूसरी ओर नसीम नामक युवक भी घायल हो गया। आग की चपेट में आने से एक अन्य महिला भी घायल हो गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक गरीब मजदूर की सालों की जमा-पूंजी जलकर राख हो गई। वहीं इस अगलगी की घटना से पीड़ित परिवार के बीच मायूसी छाई हुई है।
