• Mon. Sep 15th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज को अनुमंडल बनाने, महानंदा नदी पर पुल निर्माण एवं ठाकुरगंज नगर से पूर्व बाईपास सड़क निर्माण को ले नगर भाजपा ईकाई ने मुख्यमंत्री के नाम बीडीओ को सौंपा मांग पत्र।

सारस न्यूज, किशनगंज।

ठाकुरगंज को अनुमंडल बनाने, महानंदा नदी पर पुल निर्माण एंव ठाकुरगंज नगर पंचायत से पूर्व बाईपास सड़क निर्माण को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर ईकाई ठाकुरगंज ने राज्य के मुख्यमंत्री से मांग की है। जनहित से जुड़े उक्त तीन मांगों को पूर्ण करने को ले बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र सौंपते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि किशनगंज जिला में एक मात्र अनुमंडल किशनगंज है जिससे यहाँ की जनता को कोर्ट कचहरी व अनुमंडलीय स्तर के छोटे – छोटे व अन्य कार्य हेतु ठाकुरगंज से 50 किलोमीटर दूरी तय कर जाना होता है। जबकि ठाकुरगंज को अनुमंडल बनने की सारी योग्यता पूरी करता है। उन्होंने बताया कि भारत नेपाल की सीमा पर ठाकुरगंज है जो बंगाल की सीमा से सटा हुआ है। जनता की वर्षों की मांग है कि ठाकुरगंज अनुमंडल बने। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वर्ष 2012 में सेवा यात्रा कार्यक्रम के निमित ठाकुरगंज आगमन पर ठाकुरगंज को अनुमण्डल बनाने के संबंध में भाजपा कार्यकर्ता एंव व्यवसायी संघ ठाकुरगंज द्वारा एक मांग पत्र सीएम नीतीश कुमार को सौंपा गया था माँग पत्र के आलोक में बिहार सरकार के तत्कालीन संयुक्त सचिव अजय कुमार चौधरी के पत्र संख्या- 181, जि0पु0 – 05.01.2012 सा० 12459, दिनांक 07.09.2012 के माध्यम से किशनगंज के तत्कालीन जिला पदाधिकारी को अनुमण्डल संबंधित पत्र लिखकर निर्देश दिया गया था। पर स्थिति जस की तस हैं।

वहीं इस मौके पर मौजुद भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सह भाजपा नगर प्रभारी प्रमोद कुमार चौधरी ने बताया कि जिला मुख्यालय किशनगंज से ठाकुरगंज मार्ग में ब्रिटिश जमाने का महानंदा नदी पर बना पुल काफी जर्जर अवस्था में है। इस नदी पर पुल निर्माण कार्य हेतु बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने सारी प्रक्रिया को पूर्ण इसका विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पथ निर्माण विभाग को अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के लिए अग्रसारित किया है परंतु पथ निर्माण विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई हैं जिस कारण पुल निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए महानंदा नदी पर पुल निर्माण कार्य कराया जाना अतिआवश्यक हैं।

वहीं वार्ड पार्षद सह भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता अमित कुमार सिन्हा ने बताया कि ठाकुरगंज में नियमित रूप से जाम से मुक्ति के लिए ठाकुरगंज नगर पंचायत से सटे दो बाईपास सड़क का निर्माण कराया जाय। जिसमे पहला नगर पंचायत ठाकुरगंज से सटा पटेसरी पंचायत के कटहल डांगी से मानिकपुर होते हुए धर्मकाँटा ठाकुरगंज सिलीगुड़ी मार्ग एनएच 327 ई एवं दूसरा नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड नंबर चार भीमबालीस व वार्ड नंबर तीन पश्चिम दिशा पॉवर हॉउस ठाकुरगंज एनएच 327 ई तक निर्माण किया जाय। जिससे ठाकुरगंज की यातायात ठीक होगी और ठाकुरगंज का सर्वागिण विकास संभव होगा।
वहीं बीडीओ को मांग पत्र सौंपते वक्त भाजपा जिला महामंत्री बिजली प्रसाद सिंह, राजेश करनानी, पुर्व नगर अध्यक्ष मनमोहन साह, सन्नी झा, अमृत मंडल, गोपेश यादव, देवाशीष विश्वास, विकास शुक्ला, जयदेव सिंह आदि भाजपाई मौजुद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *