• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

प्रभारी डीएम ने की ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा।

सारस न्यूज, किशनगंज।

शनिवार को किशनगंज प्रभारी जिलाधिकारी स्पर्श गुप्ता की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक जिला परिषद सभागार में आहूत की गई। बैठक में क्रियान्वित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सभी बीडीओ, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी समेत विभिन्न योजनाओं के अभियंता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस बैठक में पूर्व के बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन के साथ विभिन्न योजनाओं व कार्यों के प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में समीक्षा के क्रम में प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्थानीय अभियंताओं से समन्वय के साथ मनरेगा, जल जीवन हरियाली, स्वच्छता अभियान, आवास योजना व अन्य योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों तथा अन्य विकासात्मक व लोक कल्याणकारी योजनाओं का सतत अनुश्रवण करें तथा विभाग से लक्ष्यित 75 अमृत सरोवर के विरुद्ध निर्माणाधीन 65 अमृत सरोवर निर्माण कार्य को 15 जून तक पूर्ण कराएं। अमृत सरोवर की धीमी प्रगति पर टेढ़ागाछ कार्यक्रम पदाधिकारी और कनीय अभियंता को कड़ा फटकार लगाते हुए चेतावनी दी गई। मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजित करने और भुगतान की समीक्षा भी हुई। शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। सभी कार्यक्रम पदाधिकारी को मनरेगा योजना के तहत हो रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्योंपरांत भुगतान आधार बेस पेमेंट सिस्टम पर करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग अन्तर्गत स्वच्छ बिहार मिशन, ओडीएफ, जल जीवन हरियाली, सात निश्चय, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, आवास प्लस योजना तथा पंचायत अंतर्गत जलापूर्ति, नलकूप व अन्य योजनाओ की भी समीक्षा की गई। जिला ग्रामीण विकास विभाग की बैठक में डीआरडीए निदेशक विकास कुमार समेत अन्य सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *