सारस न्यूज़, किशनगंज।
टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसहरा कलवर्ट के पास सोमवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। मृतक का नाम राजीव रंजन झा बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राजीव रंजन झा का घर किशनगंज के डुमरिया में है, जो किशनगंज डीआरडीए का स्टाफ था। उनका प्रतिनियुक्त टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर हुआ था। वे टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में कार्यरत थे। किशनगंज से टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय आने के दौरान टेढ़ागाछ मटियारी सड़क पर मुसहरा कलवर्ट के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा आननफानन में मृतक राजीव रंजन झा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ लाया गया। जहाँ डॉक्टरों में उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर दुर्घटना की खबर सुनकर टेढ़ागाछ बीडीओ गन्नौर पासवान, सीओ अजय चौधरी व स्टाफों ने पीएचसी टेढ़ागाछ पहुंचकर राजीव रंजन झा को देखा। फिर उनके के परिजनों को घटना की जानकारी दी। टेढ़ागाछ पुलिस घटना की जाँच में जुट गयी है। पुलिस द्वारा मृतक राजीव रंजन झा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा है। टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर राजीव रंजन झा की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में शोक व्याप्त है। मृतक राजीव रंजन झा के निधन पर टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय परिसर में शोक सभा आयोजित की गई। जिसमें दो मिनट का मौन रखा गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए सबों ने ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर बीडीओ गन्नौर पासवान, सीओ अजय चौधरी सहित सभी स्टाफ शामिल थे।