सारस न्यूज, किशनगंज।
बुधवार को उप विकास आयुक्त – सह – प्रभारी जिला पदाधिकारी, स्पर्श गुप्ता की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति द्वारा सुरक्षित स्थान, किशनगंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उप विकास आयुक्त – सह- जिला पदाधिकारी द्वारा संस्थान के कार्यालय, वर्ग कक्ष एवम किशोरों के वार्ड का निरीक्षण किया, जिसे संतोषजनक पाया। संस्थान के साफ सफाई पर भी संतोष व्यक्त किया गया। संस्थान में वर्तमान में 74 विधि विवादित किशोर आवासित हैं। क्षमता से अधिक आवासन पर उन्होंने विधि व्यवस्था की समस्या पर अधिक सतर्कता बरतने पर बल दिया। किशोरों के शिक्षा दीक्षा, मनोरंजन की व्यवस्थाओं पर पृच्छा की। उप विकास आयुक्त – सह- जिला पदाधिकारी द्वारा किशोरों के भोजन में मौसमी शाक सब्जी शामिल किए जाने, किशोरों के शिक्षा एवं कक्षा का नियमित संचालन का निदेश दिया गया। संस्थान में आवासित किशोरों के चिकित्सा एवम रिहैबिलिटेशन संबंधी जानकारी ली गई तथा गर्मी के मौसम को किशोरों के विशेष ख्याल रखने का निदेश दिया गया।उनके द्वारा संस्थान में वृक्षारोपण भी किया गया।
बताते चलें कि जिले में संचालित सुरक्षित स्थान का निरीक्षण त्रैमासिक (तीन माह में एक बार) रूप से जिला निरीक्षण समिति द्वारा नियमित रूप से किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष की दूसरी तिमाही का ये निरीक्षण किया गया। निरीक्षण समिति में जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी सहित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) सूरज कुमार झा, किशोर न्याय परिषद के सदस्य दीपक कुमार एवम पुलिस उपक्षीक्षक राजन कुमार उपस्थित थे।