सारस न्यूज, गलगलिया।
नगर पंचायत पौआखाली से सटे मोहम्मदनगर पंचायत अन्तर्गत शिवगंज बालूबाड़ी स्थित शिवमंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी पवित्र मास श्रावण के उपलक्ष्य में मंदिर समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उक्त बातों कि जानकारी देते हुए समिति के व्यवस्थापक कमलेश कुमार ने बताया कि सावन माह भगवान शिव के आराधना का मास है, जिसको लेकर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवर यात्रा के साथ कनकई नदी से जलभरी कर भगवान भोलेनाथ को अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही पौधरोपण, पौधा वितरण, भजन-कीर्त्तन, महाप्रसाद वितरण सहित कई अन्य धार्मिक-सामाजिक कार्य संपन्न किए जाएंगे।
वहीं कांवर यात्रा के दौरान मार्ग में देखरेख के अभाव में नष्ट हो रहे पेड़-पौधों को सेवा विस्तार समिति के सक्रिय सदस्यों द्वारा सुरक्षित कर बचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पेड़ हमारी धरोहर है इसलिए पर्यावरण की सुरक्षा के दृष्टिकोण से उनकी रक्षा करना हमारा दायित्व है। इसके साथ ही लोगों को पर्यावरण से जुड़े रहने को लेकर जागरूक भी किया जाएगा।