• Fri. Dec 19th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नपं ठाकुरगंज के अंतर्गत 36 से अधिक सरकारी व गैर- सरकारी संस्थानों में फहराए जाएंगे राष्ट्रीय  तिरंगा।

सारस न्यूज, किशनगंज।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नगर पंचायत ठाकुरगंज अंतर्गत के 36 से अधिक सरकारी व गैर- सरकारी संस्थानों में राष्ट्रीय तिरंगा फहराने को ले बीडीओ सुमित कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को राष्ट्रीय पर्व समिति की बैठक आयोजित की गई। नगर स्थित आदर्श मध्य विद्यालय ठाकुरगंज के प्रांगण में आयोजित उक्त बैठक के दौरान राष्ट्रीय पर्व समिति के अध्यक्ष सह बीडीओ सुमित कुमार ने बताया कि 76वां स्वतंत्रता दिवस को भव्य रुप से आयोजन हेतु ठाकुरगंज नगर में शुरुआत प्रातः 09 बजे से प्रखंड मुख्यालय में झंडोत्तोलन के साथ होगा और 10:40 बजे गांधी मैदान, ठाकुरगंज में समापन होगा। इस बीच बीआरसी में 09:10, आईसीडीएस में 09:15, ठाकुरगंज क्लब में 09:35, इंटर कॉलेज में 09:45 सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय में 10:10 ठाकुरगंज थाना मे 10:15, नगर पंचायत कार्यालय 10:25 बजे आदि सहित 36 सूचीबद्ध संस्थानों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बीडीओ सुमित कुमार ने बताया कि सभी स्थलों पर राष्ट्रीय पर्व समिति के सभी सदस्यों का मन्तव्य लेकर झंडोत्तोलन के लिए समय सारणी का निर्धारण किया गया है। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने झंडोत्तोलन से सम्बंधित कई सुझाव भी दिए। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के संध्या समय नगर स्थित गांधी मैदान में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सभी संस्थानों व स्थलों सहित मुख्य मार्गों की विशेष रूप से साफ सफाई का निर्देश नगर पंचायत में कार्यरत सफाई संवेदक को दिया गया है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थान सहित आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में कैमरे की नजर रहेगी।

इस मौके पर अंचल अधिकारी ओमप्रकाश भगत, राष्ट्रीय पर्व समिति के सचिव सह आदर्श मध्य विद्यालय ठाकुरगंज के प्रधानाध्यापक अब्दुल हमीद, नपं अध्यक्ष सिकंदर पटेल, वार्ड पार्षद अमित कुमार सिंहा, पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप साह, उच्च विद्यालय ठाकुरगंज के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार मिश्रा, सुबाबाई कन्या मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संध्या कुमारी, मो जहांगीर आलम, प्रो दिलीप कुमार यादव, बीआरपी अनिल कुमार सिंहा, एजाज अहमद, राजेश करनानी, रघुवीर शर्मा, महेश सिंह, अतुल सिंह के अलावे अन्य संस्थानों के अधिकारी व विद्यालयों के शिक्षकगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *