सारस न्यूज, किशनगंज।
तन की लाचारी पर मन की हिम्मत भारी होती है। कुछ लोगों ने तन की दिव्यांगता के बाद भी मन के हौसलों से जिंदगी की जंग जीती है। ऐसा ही एक बालक किशनगंज जिले के नगर पंचायत ठाकुरगंज में भी हैं, जिन्होंने दिव्यांगता को पराजित करते हुए देश भर में न सिर्फ ख्याति पाई बल्कि अपनी अलग पहचान बनाई है। 18वां जूनियर नेशनल पारा एथलेटिक चैंपियनशिप फॉर सेरेब्रल पाल्सी कैटेगरी में क्लब थ्रो वर्ग में न सिर्फ नगर का बल्कि किशनगंज जिले का भी गौरव बढ़ाया है। नगर पंचायत ठाकुरगंज के अभिज्ञान पोद्दार ने 27- 28 दिसंबर 2022 में 18वां जूनियर नेशनल पारा एथलेटिक चैंपियनशिप फॉर सेरेब्रल पाल्सी कैटेगरी में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कंपलेक्स, पटना में क्लब थ्रो में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया था। इसे लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य की राजधानी पटना में आयोजित बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह में ठाकुरगंज के अभिज्ञान पोद्दार को प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांगता के सेरेब्रल पाल्सी कैटेगरी में ठाकुरगंज के 11 वर्षीय बालक अभिज्ञान पोद्दार ने क्लब थ्रो प्रतियोगिता में रजक पदक (सिल्वर मेडल) हासिल करने पर उनके इस अचीवमेंट पर मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा आयोजित बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि सह उद्घाटनकर्ता बिहार राज्य खेल मंत्री जितेंद्र कुमार राय एवं कला संस्कृति एवं युवा विभाग (बिहार सरकार) के अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हारा के द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया हैं।
इस मौके पर अभिज्ञान पोद्दार की माता नीना दास खुद अपने दिव्यांग पुत्र की इस उपलब्धि का सम्मान हासिल करने साथ गई हुई थी और उक्त बातें पटना से ही अपने पुत्र की इस उपलब्धि को माता नीना दास ने सारस न्यूज को बताया। उन्होंने बताया कि इस स्थान तक खिलाड़ियों को पहुंचाने में कार्यक्रम समन्वयक लालू तुरहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने बताया कि मेरे पुत्र को बचपन से ही सेरेब्रल पाल्सी जो कि एक न्यूरोलाजिकल डिसआर्डर होता है और बच्चों की शारीरिक गति, चलने-फिरने की क्षमता को प्रभावित करता है। मेरा पुत्र भी सेरेब्रल पाल्सी से बचपन से ग्रसित है पर मैं और मेरा परिवार हर हमेशा इसकी केयर करते रहे और आज इसी दिव्यांग पुत्र ने मुझे राष्ट्र स्तर पर पहचान दी। वहीं अभिज्ञान पोद्दार की इस उपलब्धि पर ठाकुरगंज नगर वासियों ने उनको एवं उनके स्वजनों को बधाईयां दी है।
