Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज के ग्राम पंचायत चकला में डीएम ने स्वच्छता ही सेवा अभियान का किया शुभारंभ।

सारस न्यूज, ठाकुरगंज (किशनगंज)।

शुक्रवार को किशनगंज जिले के सदर प्रखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत चकला में स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक इनाम उल हक मेंगनु एवं उप विकास आयुक्त स्पर्श गुप्ता के द्वारा संयुक्त रूप से प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई की विधिवत शुरूआत फीता काटकर की गई एवं गुब्बारा उड़ाकर स्वच्छता संदेश प्रसार किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत दिनांक 15 सितंबर से 02 अक्टूबर, 2023 तक चलने वाली विभिन्न जन जागरूकता से संबंधित गतिविधियों के बारे में उपस्थित मिडिया कर्मी एवं जन समुदाय को जानकारी दी गयी। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत चकला में अवस्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनके द्वारा बताया गया कि प्लास्टिक अपशिष्ट समुदाय एवं पर्यावरण के लिए हानिकारक है, जिसके व्यवस्थित प्रबंधन एवं निष्पादन हेतु इसकी शुरूआत की गयी है। साथ ही उनके द्वारा पीडब्लूएमयू में स्थापित श्रेडर मशीन के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि श्रेडर मशीन से कटिंग की गयी प्लास्टिक का उपयोग सड़क निर्माण में कोलतार के साथ मिश्रित कर किया जाएगा।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्पर्श गुप्ता द्वारा प्लास्टिक उपयोग से संबंधित 3 आर सिद्धांत की चर्चा की गयी, जिसमें पहला आर प्लास्टिक को रिड्यूस करना, दूसरा आर प्लास्टिक को रियूज करना एवं तीसरा आर प्लास्टिक को रिसाइकल करने हेतु जन समुदाय को प्रेरित किया गया। साथ ही स्वच्छता ही सेवा अभियान से संबंधित गतिविधियों यथा – गाँव में व्यापक साफ-सफाई अभियान, ओडिएफ स्थायित्व अभियान, स्कूल आधारित गतिविधियाँ-स्वच्छता की कक्षा, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता, संध्या चौपाल, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता हेतु जन समुदाय एवं कर्मियों को अभियान में भागीदारी करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित मिडिया कर्मियों के साथ ग्रामीण विकास से संबधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी एवं क्रियान्वयन में जन समुदाय से सहयोग करने का अनुरोध किया।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी, प्रखण्ड समन्वयक, आवास पर्यवेक्षक, स्वच्छ पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *